Sunday, September 19, 2021

रोहित शर्मा के बिना मुंबई इंडियंस, क्या बोले कार्यवाहक कप्तान कायरन पोलार्ड September 19, 2021 at 04:29AM

दुबई इंडियन प्रीमियर लीग 2021 के दूसरे चरण का पहला मुकाबला मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच है। मुंबई इंडियंस की टीम इस मुकाबले में अपने नियमित कप्तान के बिना उतरी है। रोहित की जगह कायरन पोलार्ड इस मैच में मुंबई की टीम की कप्तानी संभाल रहे हैं। चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। फैंस को हालांकि यह देखकर काफी हैरानी हुई कि आखिर रोहित शर्मा इस मैच में क्यों नहीं खेल रहे। रोहित ने हाल ही में इंग्लैंड के खिलाफ ओवल टेस्ट मैच में शानदार शतक लगाया था। वह शानदार फॉर्म में हैं। हालांकि उनके चोटिल होने की खबरें तो इंग्लैंड में ही आनी शुरू हो गई थीं। लेकिन ऐसा माना जा रहा था कि आईपीएल से पहले वह पूरी तरह फिट हो जाएंगे। पर रविवार को जब टॉस के लिए जब पोलार्ड उतरे तो संशय पैदा हो गया। हालांकि मुंबई इंडियंस के कार्यवाहक कप्तान कायरन पोलार्ड की मानें तो रोहित के साथ कोई समस्या नहीं है। पोलार्ड ने टॉस के बाद कहा, 'रोहित ठीक हैं। वह जल्द ही ठीक हो जाएंगे। मैं सिर्फ आज के लिए कप्तान हूं।' पोलार्ड के इस बयान के मायने तो यही हैं कि रोहित शर्मा अगले मैच तक फिट हो जाएंगे। मुंबई का अगला मैच 23 सितंबर को कोलकाता नाइट राइडर्स के साथ है। टीम की बात करें तो इस मैच में मुंबई के लिए रोहित के अलावा हार्दिक पंड्या भी नहीं खेल रहे हैं। वहीं चेन्नई की टीम सैम करन के बिना उतरी है। फाफ डुप्लेसिस के खेलने पर सवाल थे लेकिन साउथ अफ्रीका का यह पूर्व कप्तान पीली जर्सी में मैदान पर उतरा है।

No comments:

Post a Comment