Monday, August 9, 2021

आज हम नहीं खिला पाए, पर पीएम से मिलेंगे तो दावत में गोलगप्पे और चूरमा भी मिलेगा: अनुराग ठाकुर ने नीरज चोपड़ा से किया वादा August 09, 2021 at 07:59AM

नई दिल्लीभारत के ओलिंपिक पदक विजेताओं का सोमवार को सम्मान समारोह में सरकार की ओर से भव्य स्वागत किया गया, जिसमें खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने ऐथलीटों की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि इन खिलाड़ियों की यात्रा ‘खेल उत्कृष्टता और जज्बे की अविश्वसनीय कहानी’ रही है। एक पांच सितारा होटल में आयोजित समारोह में सभी की निगाहें ऐथलेटिक्स में स्वर्ण पदक जीतने वाले देश के पहले खिलाड़ी नीरज चोपड़ा पर टिकी थी। सम्मान समारोह में खेल मंत्री ने उन्हें स्मृति चिन्ह और शॉल भेंट की। इस दौरान खेल मंत्री ने 23 वर्षीय चोपड़ा से कहा- नीरज, हम आपको चूरमा, गोल गप्पे नहीं खिला सकते थे और न ही पीवी सिंधु के साथ आइसक्रीम खा सकते थे। लेकिन जब आप पीएम नरेंद्र मोदी से मिलेगे तो सब मिलेगा। गोल गप्पे और चूरमा अब किसी के लिए रहस्य नहीं हैं। दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन सभी भारतीय ओलिंपियनों को आमंत्रित किया है, जिन्होंने 15 अगस्त को तोक्यो खेलों में भाग लिया था। वह सभी से मुलाकाता भी करेंगे। समारोह में उपस्थित लोगों में केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्री किरेन रिजिजू, खेल राज्य मंत्री निसिथ प्रमाणिक, सचिव (खेल) रवि मित्तल और भारतीय खेल प्राधिकरण के महानिदेशक संदीप प्रधान भी शामिल थे। ठाकुर ने कहा, ‘तोक्यो 2020 में भारत के लिए कई ऐसी चीजें हुई जो ओलिंपिक में पहली बार हुई। ओलिंपिक में ‘टीम इंडिया’ की सफलता इस बात को दर्शाती है कि कैसे नया भारत दुनिया पर हावी होने की इच्छा और आकांक्षा रखता है, यहां तक कि खेल में भी।’ उन्होंने कहा, ‘ओलिंपिक खेलों ने हमें दिखाया कि आत्म-अनुशासन और समर्पण के साथ हम चैंपियन बन सकते हैं। टीम इंडिया ने उत्कृष्ट प्रदर्शन से प्रेरित किया, जबकि भारत के लोगों ने इस सफलता पर खुशी और जश्न मनाया।’ भारत के अभियान में कई चीजें पहली बार हुई, जिसमें अब तक का सबसे बड़ा 128-सदस्यीय खिलाड़ियों का दल, सात ओलिंपिक पदक, ऐथलेटिक्स स्पर्धा में पहला ओलिंपिक स्वर्ण पदक, सिंधु द्वारा लगातार खेलों (रियो और तोक्यो) में पदक और भारतीय पुरुष हॉकी टीम का 41 साल के बाद एक पदक (कांस्य) जीतना शामिल हैं। इसके साथ ही, महिला हॉकी टीम ने खेलों में अपना सर्वश्रेष्ठ चौथा स्थान हासिल किया। ठाकुर ने कहा, ‘हम अपने खिलाड़ियों का समर्थन करना जारी रखेंगे और हम भारत को एक खेल महाशक्ति बनाने का प्रयास करेंगे।’ खेल मंत्री ने गोल्फर अदिति अशोक के चौथे स्थान पर रहने की भी तारीफ की। ठाकुर के पूर्ववर्ती रिजिजू ने सभी खिलाड़ियों के प्रदर्शन की प्रशंसा की और दोहराया कि भारत 2028 ओलिंपिक तक एक ताकत बन जाएगा।

No comments:

Post a Comment