Saturday, May 29, 2021

मिल्खा सिंह की हालत स्थिर, पत्नी की ऑक्सीजन की जरूरत में मामूली वृद्धि, दोनों कोरोना पॉजिटिव May 29, 2021 at 04:39AM

चंडीगढ़ कोरोना वायरस से संक्रमित होने के बाद अस्पताल में भर्ती हुए दिग्गज धावक मिल्खा सिंह का इलाज कर रहे चिकित्सकों ने शनिवार को कहा कि भारत के इस खिलाड़ी की हालत स्थिर बनी हुई है, लेकिन उनकी पत्नी निर्मल कौर की ऑक्सीजन की जरूरत में मामूली बढ़ोतरी हुई है। निर्मल भारतीय महिला वॉलीबॉल टीम की पूर्व कप्तान हैं। मिल्खा और निर्मला का मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में इलाज चल रहा है जहां चिकित्सक उनकी स्थिति पर नजर रख रहे है। दोनों अस्पताल के एक ही कमरे में है। अस्पताल ने पहले बताया था कि दोनों का कोविड-19 निमोनिया का इलाज चल रहा है। कोविड पॉजिटिव पाए जाने के बाद मिल्खा सिंह को सोमवार को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इसके दो दिनों के बाद उनकी पत्नी को भी कोविड-19 जांच में पॉजिटिव आने के बाद उसी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। दंपति के बेटे और मशहूर गोल्फर जीव मिल्खा सिंह पिछले शनिवार को दुबई से चंडीगढ़ के आ गए थे जबकि अमेरिका में डॉक्टर उनकी बड़ी बहन मोना मिल्खा सिंह भी कुछ दिन पहले यहां पहुंच चुकी है। मिल्खा सिंह के परिवार के जब सभी सदस्यों का वायरस के लिए परीक्षण किया गया था तो निर्मल कौर नेगेटिव आई थी। एशियाई खेलों के चार बार के स्वर्ण पदक और राष्ट्रमंडल खेलों के चैंपियन मिल्खा सिंह 1960 रोम ओलंपिक में 400 मीटर के फाइनल में मामूली अंतर से कांस्य पदक से चूक गए थे।

No comments:

Post a Comment