Sunday, January 19, 2020

भारत ने नीदरलैंड को हराया, 36 साल बाद उसके खिलाफ लगातार दो मैच में जीत मिली January 19, 2020 at 07:01PM

खेल डेस्क. भारत ने प्रो हॉकी लीग के दूसरे मुकाबले में नीदरलैंड को शूटआउट में 3-1 से हराया। फुलटाइम तक स्कोर 3-3 से बराबर था। पहला मैच भारत ने 5-2 से जीता था। भारत ने 36 साल बाद नीदरलैंड के खिलाफ लगातार दो मैच जीते। इसके पहले 1984 में टीम ने ऐसा किया था। टीम को दोनों मैच जीतने पर 99.75 रैंकिंग पॉइंट मिले। टीम अब 8 और 9 फरवरी को इसी मैदान पर बेल्जियम से भिड़ेगी।

कलिंगा स्टेडियम में खेले गए मैच के पहले क्वार्टर में दोनों ही टीमें गोल नहीं कर सकीं। 23वें मिनट में कॉर्नर पर नीदरलैंड के वान डर मिंक ने गोल कर टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। 25वें मिनट में ललित उपाध्याय ने गोल कर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। 26वें मिनट में जेरोन हर्ट्जबर्गर ने और 27वें मिनट में बॉर्नकिलरमैन ने गोल कर नीदरलैंड को 3-1 की बढ़त दिलाई। 50 मिनट तक नीदरलैंड की टीम 3-1 से आगे थी। 51वें मिनट में कॉर्नर पर मनदीप ने और 55वें मिनट में रुपिंदर पाल सिंह ने गोल कर स्कोर 3-3 से बराबर कर दिया।

शूटआउट में विवेक, गुरजंत, आकाशदीप ने गोल किए
शूटआउट में भारत की ओर से विवेक प्रसाद, गुरजंत सिंह और आकाश सिंह ने गोल किए। जबकि हरमनप्रीत और रुपिंदर गोल नहीं कर सके। नीदरलैंड की ओर से सिर्फ प्रुजर गोल कर सके। हर्ट्जबर्गर, स्कुरमैन और ब्रिंकमैन गोल करने से चूक गए।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
टीम इंडिया को दोनों मैच जीतने पर 99.75 रैंकिंग पॉइंट मिले।

No comments:

Post a Comment