Monday, September 13, 2021

पहलवान सागर हत्याकांड मामले की सुनवाई अब सेशन कोर्ट में, अगली तारीख 24 को September 13, 2021 at 06:58AM

नई दिल्ली दिल्ली की अदालत ने सोमवार को छत्रसाल स्टेडियम हत्याकांड का मामला आगे की सुनवाई के लिए सत्र न्यायालय को सौंप दिया। इस मामले में ओलिंपिक पदक विजेता पहलवान सुशील कुमार आरोपी हैं। अदालत ने यह फैसला कुमार और अन्य के खिलाफ हत्या, अपहरण और साजिश के आरोपों के तहत दाखिल आरोप पत्र पर संज्ञान लेने के बाद किया। रोहिणी अदालत के मुख्य महानगर दंडाधिकारी (सीएमएम) सतवीर सिंह लाम्बा की अदालत ने यह मामला सत्र न्यायालय को सौंपा। हालांकि, इस मामले को किसके समक्ष सूचीबद्ध किया जाएगा, इसका फैसला अबतक नहीं किया गया है। सुशील कुमार के वकील ने बताया कि इस मामले की अगली सुनवाई के लिए 24 सितंबर की तारीख तय की गई है। सुबह सीएमएम के समक्ष हुई मामले की सुनवाई के दौरान कुमार और अन्य आरोपियों को वीडियो कांफ्रेंस के जरिए अदालत के समक्ष पेश किया गया और उन्होंने अपनी हाजिरी दी। कुमार इस समय तिहाड़ जेल में कैद हैं। जूनियर पहलवान सागर धनखड़ की चोट की वजह से हुई मौत उल्लेखनीय है कि कुमार और अन्य पर आरोप है कि उन्होंने चार-पांच मई की दरमियानी रात को पूर्व जूनियर राष्ट्रीय कुश्ती चैंपियन सागर धनखड़ और उसके दोस्तों के साथ कथित संपत्ति विवाद को लेकर मारपीट की। धनखड़ की बाद में पिटाई से आई चोट की वजह से मौत हो गई। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में सामने आया कि धनखड़ की मौत किसी कुंद वस्तु से दिमाग में आई चोट की वजह से हुई। मुख्य आरोपी हैं पहलवान सुशील कुमार दिल्ली पुलिस ने तीन अगस्त को मामले में आरोप पत्र दाखिल किया जिसमें ओलिंपिक पदक विजेता कुश्ती खिलाड़ी कुमार को मुख्य आरोपी बनाया। न्यायाधीश ने अंतिम रिपोर्ट पर छह अगस्त को संज्ञान लिया। पुलिस ने बताया कि स्टेडियम के पास हुई घटना कुमार की साजिश थी जो युवा कुश्ती खिलाड़ियों के बीच अपना वर्चस्व स्थापित करना चाहता था। आरोप पत्र में पुलिस ने मृत्यु से पहले धनखड़ की ओर दिए गए बयान, आरोपी के लोकेशन सहित वैज्ञानिक सबूत, सीसीटीवी तस्वीर, हथियार और मौके पर बरामद वाहन का जिक्र किया है।

IPL की तैयारियों में जुटे डिविलियर्स बोले- मुझ जैसे 'बुजुर्ग' खिलाड़ी को तरोताजा रहना जरूरी September 13, 2021 at 06:38AM

दुबई दक्षिण अफ्रीका के दिग्गज बल्लेबाज एबी डिविलियर्स ने खुद को 'उम्रदराज व्यक्ति' करार दिया है। 'मिस्टर 360' के नाम से मशहूर डिविलियर्स जैस खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धी क्रिकेट की मांगों को पूरा करने के लिए जितना संभव हो सके तरोताजा रहने की जरूरत पड़ती है। दक्षिण अफ्रीका के पूर्व कप्तान 37 वर्षीय डिविलियर्स इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर (आरसीबी) का प्रतिनिधित्व करने के लिए अभी यूएई में हैं। आरसीबी ने ट्विटर पर वीडियो पोस्ट किया है जिसमें डिविलियर्स को करारा शॉट लगाकर गेंद को मैदान से बाहर भेजने का प्रयास करते हुए दिखाया गया है। डिविलियर्स ने कहा, 'यह शानदार था। विकेट थोड़ा नम था इसलिए यह वास्तव में मुश्किल था। गेंदबाज अच्छी गेंदबाजी कर रहे थे और यहां जितनी उमस है उसमें हमें काफी पसीना बहाना होगा और यह वजन कम करने के लिए अच्छा है लेकिन मुझ जैसे उम्रदराज व्यक्ति के लिए जितना संभव हो सके तरोताजा रहने की जरूरत है।' आरसीबी के कप्तान विराट कोहली हाल में यूके से यूएई पहुंचे हैं। कोहली इंग्लैंड के खिलाफ 5 मैचों की टेस्ट सीरीज में टीम इंडिया की अगुआई कर रहे थे। सीरीज का पांचवां और अंतिम टेस्ट रद्द होने के कारण भारतीय खिलाड़ी तय समय से पहले यूएई पहुंच गए। आईपीएल को जैव सुरक्षित वातावरण में कोविड-19 के प्रकोप के कारण मई में स्थगित कर दिया गया था। यह रविवार से बहाल होगा। आईपीएल 2021 के दूसरे लेग का पहला मैच मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच खेला जाएगा।

IPL से पहले मुंबई इंडियंस के खिलाड़ी ने एक हाथ से लपका हैरतअंगेज कैच, देखें VIDEO September 13, 2021 at 06:47AM

नई दिल्ली इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2021) के दूसरे हाफ के लिए खिलाड़ी इस समय यूएई में अपनी अपनी टीमों से जुड़ना शुरू हो चुके हैं। 19 सितंबर से आयोजित होने वाले आईपीएल के यूएई लेग के लिए कई टीमों ने मैदान पर उतरकर अपनी तैयारी भी शुरू कर दी है। इनमें से मौजूदा चैंपियन मुंबई इंडियंस भी एक है जिसके खिलाड़ी इस समय नेट्स पर जमकर पसीना बहा रहे हैं। मुंबई इंडियंस के युवा खिलाड़ी (Yudhvir Singh Charak) ने सोमवार को ट्रेनिंग सेशन के दौरान एक्रोबेटिक फील्डिंग से सबका ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। फील्डिंग कोच जेम्स पेमेंट की देखरेख में मुंबई के युवा खिलाड़ियों ने अपनी कैचिंग स्किल्स को सुधारने में जुटे हुए हैं। फील्डिंग ड्रिल के दौरान युद्धवीर ने अपनी बायीं ओर हवा में डाइव लगाकर एक शानदार कैच लपका। मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) ने इसका वीडियो अपने सोशल मीडिया के इंस्टाग्राम अकाउंट पर अपलोड किया है। वीडियो में युद्धवीर फील्डिंग करते हुए दिखाई देते हैं। 24 वर्षीय युद्धवीर के पास जब एक बॉल आई तो उन्होंने बाएं हाथ से लपकने की कोशिश की लेकिन गेंद उनके हाथ से छूट गई। इसके बाद इस हैराबादी क्रिकेटर ने शानदार रिफ्लेक्स का परिचय देते हुए दाएं हाथ से कैच लपककर सबको हैरान कर दिया। युद्धवीर आज अपना 24वां बर्थडे सेलिब्रेट कर रहे हैं। मुंबई ने इस खिलाड़ी के बर्थडे पर टीम की प्रैक्टिस जर्सी में उनका एक बड़ा फोटो शेयर कर लिखा, ' हैप्पी बर्थडे युद्धवीर! मुंबई इंडियंस आईपीएल के दूसरे हाफ में अपने अभियान की शुरुआत 19 सितंबर को चेन्नई सुपरकिंग्स (MI v CSK) के खिलाफ करेगी। यह मुकाबला दुबई इटरनैशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा।

उम्मीद है कि आईपीएल के लिए हम मजबूत बायो-बबल बनाए रखेंगे: कोहली September 13, 2021 at 06:11AM

दुबई भारतीय कप्तान विराट कोहली ने कोविड-19 के कारण इंग्लैंड के खिलाफ पांचवें टेस्ट मैच के स्थगित होने को दुर्भाग्यशाली करार देते हुए उम्मीद जताई कि इस ‘अनिश्चित’ समय से निपटने के लिए इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) का जैव-सुरक्षित माहौल (बायो-बबल) मजबूत होगा। टूर्नामेंट में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर (आरसीबी) की टीम का नेतृत्व करने वाले भारतीय कप्तान ने राष्ट्रीय टीम के सहयोगी फिजियो योगेश परमार के कोविड-19 संक्रमित होने के बाद कुछ अन्य खिलाड़ियों के साथ इंग्लैंड के खिलाफ ओल्ड ट्रैफर्ड मैदान में खेले जाने वाले पांचवें टेस्ट को खेलने से मना कर दिया था। कोहली ने आरसीबी के डिजिटल मीडिया मंच से कहा, ‘यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि हमें यहां (टेस्ट रद्द होने से दुबई आने के संदर्भ में) जल्दी पहुंचना पड़ा, लेकिन कोरोना वायरस के कारण चीजें बहुत अनिश्चित हैं।’ उन्होंने कहा, ‘ऐसी परिस्थिति है कि कुछ भी हो सकता है। उम्मीद है, हम एक अच्छा, मजबूत और सुरक्षित वातावरण बनाए रखने में सक्षम रहेंगे और यह शानदार आईपीएल होगा।’ भारतीय कप्तान ने कहा, ‘यह एक रोमांचक दौर होने जा रहा है । यह रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर में हमारे लिए और फिर टी20 विश्व कप में भारतीय टीम के लिए बहुत महत्वपूर्ण है।’ कोविड-19 के कारण स्थगित हुए आईपीएल के दूसरे चरण का आगाज रविवार को होगा जबकि कोहली की टीम सोमवार को इस चरण का अपना पहला मुकाबला खेलेगी। टीम में श्रीलंका के लेग स्पिनर वानिंदु हसरंगा और सिंगापुर के बल्लेबाज टिम डेविड जैसे कुछ प्रतिभाशाली क्रिकेटर जुड़े है। कप्तान इन खिलाड़ियों के आने से खुश है। रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर का शेड्यूल
बनाम तारीख समय मैदान
कोलकाता नाइट राइडर्स 20 सितंबर, 2021 7:30 PM अबू धाबी
चेन्नई सुपर किंग्स 24 सितंबर, 2021 7:30 PM शारजाह
मुंबई इंडियंस 26 सितंबर, 2021 7:30 PM दुबई
राजस्थान रॉयल्स 29 सितंबर, 2021 7:30 PM दुबई
पंजाब किंग्स 3 अक्टूबर. 2021 3:30 PM शारजाह
सनराइजर्स हैदराबाद 6 अक्टूबर, 2021 7:30 PM अबू धाबी
दिल्ली कैपिटल्स 8 अक्टूबर, 2021 7:30 PM दुबई
कोहली ने कहा, ‘मैं सभी के संपर्क में हूं। हमने पिछले एक महीने में काफी चर्चा की है। टीम में दूसरों की जगह लेने वाले खिलाड़ियों के बारे में भी चर्चा हुई है। आखिरकार, हम अपने प्रमुख खिलाड़ियों के बदले प्रतिभाशाली क्रिकेटरों को टीम से जोड़ने में में सफल रहे।’ उन्होंने कहा, ‘हमें प्रमुख खिलाड़ियों की कमी खलेगी लेकिन उनकी जगह जो खिलाड़ी टीम में आ रहे है उनके पास इन परिस्थितियों (दुबई) के लिए शानदार कौशल है।’ कोहली ने कहा, ‘मैं उनसे मिलने के लिए आतुर हूं, सब के साथ अभ्यास करने का इंतजार कर रहा हूं। हम अच्छी शुरुआत (पहले चरण में सात मैचों में पांच जीत) को जारी रखना चाहते है।’