भारत के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने गेंदबाजी औसत के मामले में वेस्टइंडीज के महान बॉलर्स मैल्कम मार्शल, कर्टली एंब्रोस, जोएल गार्नर और ऑस्ट्रेलिया के ग्लेन मैक्ग्रा को पीछे छोड़ दिया है। पिछले 50 सालों में 75 से ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों की औसत की तुलना में बुमराह इन सब से आगे निकल गए हैं।
बुमराह सबसे ऊपर, मार्शल दूसरे नंबर पर
बुमराह ने 16 टेस्ट मैचों में 20.68 की औसत से 76 विकेट लिए हैं। जबकि वेस्टइंडीज के पूर्व तेज गेंदबाज मैल्कम मार्शल ने 81 टेस्ट मैचों में 20.94 की औसत से 376 विकेट लिए। वहीं, जोएल गार्नर ने 58 टेस्ट मैचों में 20.97 की औसत से 259 विकेट लिए। उनके अलावा कर्टली एंब्रोस ने 98 टेस्ट मैचों में 20.99 की औसत से 405 विकेट चटकाए।
बॉलर | मैच | विकेट | औसत |
जसप्रीत बुमराह | 16 | 76 | 20.68 |
मैल्कम मार्शल | 81 | 376 | 20.94 |
जोएल गार्नर | 58 | 259 | 20.97 |
कर्टली एंब्रोस | 98 | 405 | 20.99 |
पैट कमिंस | 32 | 153 | 21.51 |
ग्लेन मैक्ग्रा | 124 | 536 | 21.64 |
कमिंस की औसत मैक्ग्रा से बेहतर
इसके बाद ऑस्ट्रेलिया के मौजूदा तेज गेंदबाज पैट कमिंस का नंबर आता है। उन्होंने अब तक 32 टेस्ट मैचों में 21.51 की औसत से 153 विकेट लिए हैं। वहीं, ऑस्ट्रेलिया के पूर्व तेज गेंदबाज मैक्ग्रा ने 124 टेस्ट मैचों में 21.64 की औसत से 536 विकेट लिए।
आंकड़ों पर ध्यान नहीं
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज में 2 टेस्ट में बुमराह ने कुल 10 विकेट चटकाए हैं। दूसरे टेस्ट के बाद उन्होंने कहा, 'मैं आंकड़ों पर नजर नहीं रखता। इससे दबाव बनता है। मैं बस अपने बॉलिंग पर ही ध्यान देता हूं।'
2018-19 में ऑस्ट्रेलिया दौरे पर 21 विकेट चटकाए
बुमराह ने 2018-19 में ऑस्ट्रेलिया के पिछले दौरे पर 21 विकेट चटकाए थे। इसकी बदौलत भारत ने ऑस्ट्रेलिया को 2-1 से सीरीज में मात दी थी। उमेश यादव के चोटिल होने के बाद के बारे में बताते हुए बुमराह ने कहा कि सबका ध्यान उस वक्त मैच जीतने पर था। किसी को भी बॉलर कम होने की शिकायत नहीं थी। हम बस यह सोच रहे थे कि ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों को आउट कैसे करना है।
मेलबर्न में बुमराह का रिकॉर्ड शानदार
बुमराह ने अब तक मेलबर्न में 2 बॉक्सिंग डे टेस्ट खेले हैं। इसमें उन्होंने 13.06 की औसत से 15 विकेट चटकाए हैं। 2018 में मेलबर्न में हुए मैच में उन्होंने 86 रन देकर 9 विकेट लिए थे। वहीं इस साल बॉक्सिंग डे टेस्ट में 110 रन देकर 6 विकेट चटकाए।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
No comments:
Post a Comment