Tuesday, October 5, 2021

टॉप-2 में पहुंचने के इरादे से उतरेगी RCB, सामने SRH की कमजोर चुनौती October 05, 2021 at 08:34AM

अबुधाबीप्लेऑफ में अपनी जगह सुरक्षित करने के बाद रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (आरसीबी) शीर्ष दो में पहुंचने की उम्मीदों को बरकरार रखने के लिए बुधवार को यहां इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में लगातार हार से पस्त सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ बड़ी जीत दर्ज करने की कोशिश करेगा। अपने पहले आईपीएल खिताब की कवायद में लगा आरसीबी अभी 12 मैचों में 16 अंक लेकर तीसरे स्थान पर है। दिल्ली कैपिटल्स 20 अंक के साथ शीर्ष पर है जबकि उसके बाद चेन्नई सुपर किंग्स (18) का नंबर आता है। सनराइजर्स पर जीत से आरसीबी का शुक्रवार को दिल्ली के खिलाफ होने वाले लीग चरण के अपने अंतिम मैच से पहले मनोबल बढ़ेगा। अगर आरसीबी अपने दोनों मैच जीत लेता है तो उसके 20 अंक हो जाएंगे और उसके पास शीर्ष दो में पहुंचने का मौका होगा। दूसरे चरण के शुरू में कोलकाता नाइट राइडर्स और चेन्नई से हारने के बाद आरसीबी ने अच्छी वापसी की और लगातार तीन मैच जीतकर प्लेऑफ में जगह बनायी। विराट कोहली की अगुवाई वाली टीम जीत का अपना यह अभियान जारी रखने की कोशिश करेगी। कोहली अभी तक बड़ा स्कोर नहीं बना पाये हैं लेकिन वे अच्छी लय में दिख रहे हैं। उनके साथ युवा सलामी बल्लेबाज देवदत्त पडिक्कल ने भी अच्छी भूमिका निभाई है। मगर ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल का प्रदर्शन शानदार रहा है। उन्होंने पिछले मैच में लगातार तीसरा अर्धशतक जमाया था। मैक्सवेल ने 33 गेंदों पर 57 रन बनाए, जिससे आरसीबी ने सात विकेट पर 164 रन का स्कोर खड़ा किया जिसका उसके गेंदबाजों ने आसानी से बचाव किया। एबी डिविलियर्स को इस सत्र में अधिक मौके नहीं मिले हैं जिससे पता चलता है कि उसका शीर्ष क्रम कितना अच्छा प्रदर्शन कर रहा है। आरसीबी के गेंदबाजों ने भी अच्छा प्रदर्शन किया है। मोहम्मद सिराज, जॉर्ज गार्टन और हर्षल पटेल तेज गेंदबाजी विभाग जबकि युजवेंद्र चहल स्पिन विभाग में अच्छी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। दूसरी तरफ सनराइजर्स इस सत्र को याद भी नहीं करना चाहेगा। लगातार हार से उसकी टीम प्लेऑफ की दौड़ से पहले ही बाहर हो चुकी है। उसने 12 मैचों में से केवल दो में जीत दर्ज की है और वह तालिका में अंतिम स्थान पर है। दूसरे चरण में वह पांच मैचों में केवल एक जीत राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ दर्ज कर पाया है। ऐसे में सनराइजर्स बाकी बचे दोनों मैच जीतकर सत्र का सकारात्मक अंत करने की कोशिश करेगा। बल्लेबाजी सनराइजर्स का कमजोर पक्ष बनकर उभरा है। जॉनी बेयरस्टो की अनुपस्थिति से उसकी बल्लेबाजी अधिक कमजोर हुई है। गेंदबाजी में जैसन होल्डर ने अपनी भूमिका अच्छी तरह से निभाई है, लेकिन भुवनेश्वर कुमार और सिद्धार्थ कौल ने निराश किया है। रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर: विराट कोहली (कप्तान), नवदीप सैनी, ग्लेन मैक्सवेल, डैन क्रिस्टियन, रजत पाटीदार, दुष्मंथा चमीरा, पवन देशपांडे, मोहम्मद सिराज, हर्षल पटेल, मोहम्मद अजहरुद्दीन, सचिन बेबी, वनिन्दु हसरंगा, जॉर्ज गार्टन, युजवेंद्र चहल, शाहबाज अहमद, देवदत्त पडिक्कल, काइल जैमीसन, सुयश प्रभुदेसाई, केएस भरत, टिम डेविड, आकाश दीप, एबी डिविलियर्स। सनराइजर्स हैदराबाद: केन विलियमसन (कप्तान), डेविड वार्नर, मनीष पांडे, शेरफेन रदरफोर्ड, रिद्धिमान साहा, श्रीवत्स गोस्वामी, राशिद खान, विजय शंकर, मोहम्मद नबी, अभिषेक शर्मा, भुवनेश्वर कुमार, सिद्धार्थ कौल, खलील अहमद, उरमान मलिक, बासिल थम्पी , संदीप शर्मा, शाहबाज नदीम, अब्दुल समद, जे सुचित, जैसन होल्डर, विराट सिंह, प्रियम गर्ग, केदार जाधव, मुजीब-उर-रहमान, जैसन रॉय।

रोहित की कप्तानी में खेलने वाले ईशान ने की विराट की तारीफ, कहा- इसका श्रेय 'चीकू' भैया को जाता है October 05, 2021 at 07:30AM

शारजाह खराब फॉर्म को अलविदा कहकर राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ आईपीएल के अहम मैच में 25 गेंद में नाबाद 50 रन बनाकर मुंबई इंडियंस की जीत के सूत्रधारों में रहे बल्लेबाज ईशान किशन ने कहा कि विराट कोहली और कायरनन पोलार्ड से बात करके उनका खोया आत्मविश्वास लौटा। इस मैच से पहले आठ मैचों में महज 107 रन बनाने वाले ईशान खराब फॉर्म के कारण कुछ मैचों से बाहर रहे। उन्होंने वापसी करते हुए अपनी पारी में दस डॉट गेंदें खेलने के बाद 25 गेंद में नाबाद अर्धशतक जमाया। मैच के बाद ईशान ने कहा, 'वापसी करके और रन बनाकर अच्छा लग रहा है। हमने पहले फील्डिंग का सही फैसला लिया था क्योंकि गेंद बखूबी बल्ले पर नहीं आ रही थी।' उन्होंने अपने फॉर्म में लौटने के बारे में ईशान ने कहा, ' उतार- चढ़ाव खेल का हिस्सा है। मैने विराट भाई, हार्दिक भाई और केपी से बात की जिससे मेरा आत्मविश्वास लौटा। हमें अब अगले मैच में इस लय को बरकरार रखना है।' विराट को प्यार से घर में 'चीकू' बुलाते हैं। जिम्मी नीशम और नेथन कूल्टर नाइल की अनुशासित गेंदबाजी के बाद ईशान किशन के आक्रामक अर्धशतक के दम पर मुंबई इंडियंस ने ‘करो या मरो’ के मुकाबले में मंगलवार को राजस्थान रॉयल्स को 8 विकेट से हराकर प्लेआफ में प्रवेश की उम्मीदें बरकरार रखी है। मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया जिसे उनके गेंदबाजों ने सही साबित कर दिखाया। रॉयल्स की टीम नौ विकेट पर 90 रन ही बना सकी और मुंबई ने यह लक्ष्य 8 . 2 ओवर में दो विकेट खोकर हासिल कर लिया। ईशान ने फॉर्म में लौटते हुए 25 गेंद में पांच चौकों और तीन छक्कों की मदद से नाबाद 50 रन बनाए। आठवें ओवर में चेतन सकारिया को दो छक्के लगाने के बाद उन्होंने नौवें ओवर में मुस्ताफिजूर रहमान को पहले चौका लगाया और फिर छक्का जड़कर अपना अर्धशतक और टीम की जीत की औपचारिकता पूरी की। इस जीत के बाद मुंबई के 13 मैचों में 12 अंक है और कोलकाता नाइट राइडर्स के भी समान अंक हैं लेकिन बेहतर रन औसत के आधार पर वह अंकतालिका में चौथे स्थान पर है। मुंबई को अगले मैच में सनराइजर्स हैदराबाद और केकेआर को रॉयल्स से खेलना है।

RR vs MI: ईशान किशन की फिफ्टी से मुंबई प्लेऑफ की रेस में जिंदा, राजस्थान टूर्नामेंट से बाहर October 05, 2021 at 07:03AM

शारजाह अपने गेंदबाजों की अनुशासित गेंदबाजी के बाद ईशान किशन (नाबाद 50 रन, गेंद 25, चौके 5 छक्के 3) की बेहतरीन बल्लेबाजी के दम पर मुंबई इंडियंस ने के 51वें मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स को 8 विकेट से हरा दिया। मुंबई की यह 13 मैचों में छठी जीत है। रोहित की कप्तानी वाली मुंबई इंडियंस 12 अंकों के साथ प्वांइट्स टेबल में 7वें से 5वें नंबर पर पहुंच गई है। इसके साथ ही मुंबई ने प्लेऑफ में पहुंचने की अपनी उम्मीदों को जिंदा रखा है। उसके नेट रनरेट में भी सुधार हुआ है। राजस्थान की टीम प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो गई है। इस जीत के बाद मुंबई के 13 मैचों में 12 अंक है और कोलकाता नाइट राइडर्स के भी समान अंक हैं लेकिन बेहतर रन औसत के आधार पर वह अंकतालिका में चौथे स्थान पर है । मुंबई को अगले मैच में सनराइजर्स हैदराबाद और केकेआर को रॉयल्स से खेलना है । दिल्ली कैपिटल्स, चेन्नई सुपर किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर प्लेआफ में जगह बना चुकी हैं । राजस्थान की ओर से रखे गए 91 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई की टीम को पहला पारी के चौथे ओवर की दूसरी गेंद पर लगा। युवा पेसर चेतन सकारिया ने कप्तान रोहित शर्मा को 22 रन के निजी स्कोर पर पवेलियन भेज दिया। इसके बाद सूर्यकुमार भी ईशान (Ishan Kishan Fifty) का साथ छोड़ जल्दी पवेलियन लौट गए। सूर्यकुमार यादव को मुस्ताफिजुर की गेंद पर स्थानापन्न फील्डर महिपाल लोमरोर ने कैच किया। ईशान ने 25 गेंदों पर अर्धशतक बनाया जिसमें 5 चौके और 3 छक्के शामिल थे। हार्दिक पंडया 6 गेंदों पर 5 रन बनाकर नाबाद लौटे। कूल्टर नाइल ने 4 जबकि नीशम ने झटके 3 विकेट इससे पहले नेथन कूल्टर-नाइल (4/14), जसप्रीत बुमराह (14/2) और जेम्स नीशम (3/12) के शानदार गेंदबाजी के दम पर मुंबई इंडियंस ने शारजाह क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स की पारी को 90 रनों पर समेट दिया। मुंबई ने टॉस जीतकर राजस्थान को बल्लेबाजी का दिया न्योता मुंबई के कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया और उनका यह फैसला सही साबित हुआ। राजस्थान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 9 विकेट पर 90 रन ही बनाई। राजस्थान ने नियमित अंतराल पर विकेट गंवाए राजस्थान ने सधी हुई शुरुआत की। सलामी बल्लेबाज यशस्वी जयसवाल और एविन लुईस ने पहले विकेट के लिए 22 रनों की साझेदारी की। इस बढ़ते साझेदारी को कूल्टर नाइल ने जयसवाल (12) को आउट कर तोड़ा। इसके बाद लुईस भी ज्यादा देर तक नहीं टिक पाए और उन्हें बुमराह ने एलबीडब्ल्यू आउट कर पवेलियन भेज दिया। लुईस ने 19 गेंदो में तीन चौकों और एक छक्के की मदद से 24 रन बनाए। इसके बाद राजस्थान के नियमित अंतराल पर विकेट गिरने लगे। पहले कप्तान संजू सैमसन (3) फिर शिवम दुबे (3) और ग्लेन फिलिप्स (4) रन बनाकर आउट हुए। राहुल तेवतिया और डेविड मिलर ने पारी को आगे बढ़ाया और दोनो ने छठे विकेट के लिए 21 रनों की साझेदारी की पर तेवतिया (12) को मुंबई के लिए इस सीजन में अपना पहला मैच खेल रहे नीशम ने आउट कर राजस्थान को एक ओर झटका दिया। इसके बाद बल्लेबाजी करने आए श्रेयस गोपाल बिना खाता खोले बगैर आउट हो गए। गोपाल को बुमराह ने बोल्ड किया। मिलर (15) और चेतन सकारिया (6) दोनों को कूल्टर नाइल ने अपना शिकार बनाया। मुस्ताफिजुर रहमान छह रना बनाकर नाबाद रहे।

ओलिंपिक ब्रॉन्ज मेडलिस्ट लवलीना को विश्व चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम में सीधी एंट्री October 05, 2021 at 12:10AM

नई दिल्लीतोक्यो ओलिंपिक की कांस्य पदक विजेता (69 किग्रा) को भारतीय मुक्केबाजी महासंघ ने आगामी महिला विश्व मुक्केबाजी चैंपियनशिप के लिए टीम में सीधे जगह दी है। महासंघ ने फैसला किया है कि टीम की बाकी सदस्य आगामी राष्ट्रीय चैंपियनशिप की स्वर्ण पदक विजेता होंगी। राष्ट्रीय चैंपियनशिप का आयोजन हिसार में 21 अक्टूबर से किया जाएगा और हाल में संपन्न पुरुष राष्ट्रीय चैंपियनशिप की तरह इस प्रतियोगिता के विजेता मुक्केबाजों को भी विश्व चैंपियनशिप की टीम में जगह दी जाएगी। भारतीय मुक्केबाजी महासंघ ने कहा, ‘प्रत्येक वजन वर्ग की स्वर्ण पदक विजेता एआईबीए महिला विश्व चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। सिर्फ 69 किग्रा वर्ग में ऐसा नहीं होगा क्योंकि तोक्यो ओलंपिक की कांस्य पदक विजेता लवलीना बोरगोहेन को विश्व चैंपियनशिप के लिए सीधे क्वालीफिकेशन दिया गया है।’ स्वर्ण और रजत पदक विजेताओं को राष्ट्रीय शिविर में भी जगह मिलेगी। कांस्य पदक विजेताओं और पिछले तीन टूर्नामेंट के पदक विजेताओं के बीच ट्रायल से शिविर के अन्य मुक्केबाजों पर फैसला होगा। तोक्यो खेलों में प्रदर्शन के आधार पर टीम में जगह पक्की होने के बाद 24 साल की लवलीना का राष्ट्रीय चैंपियनशिप से बाहर रहना लगभग तय है। महिला विश्व चैंपियनशिप दिसंबर में इस्तांबुल में होगी। टूर्नामेंट की तारीखों की अभी घोषणा नहीं हुई है। सर्बिया के बेलग्राद में 24 अक्टूबर से होने वाली पुरुष विश्व चैंपियनशिप का शिविर अभी तक शुरू नहीं हुआ है। महासंघ के एक सूत्र ने बताया कि अगले कुछ दिनों में इसकी शुरुआत पटियाला में हो सकती है। इस बीच टीम के साथ बेलग्राद जाने वाले कोचिंग स्टाफ को लेकर लगातार विचार विमर्श हो रहा है।