Monday, February 24, 2020

Ind vs NZ: विराट बोले, टॉस अहम, आंकड़ों की दूसरी कहानी February 24, 2020 at 08:35PM

नई दिल्ली भारतीय कप्तान विराट कोहली को लगता है कि न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में टॉस की भूमिका अहम रही लेकिन अभी तक के रेकॉर्ड कुछ और ही कहानी बयां करते हैं क्योंकि भारत ने कीवी सरजमीं पर केवल एक बार टॉस और मैच दोनों जीते हैं। भारत को वेलिंगटन में पहले टेस्ट मैच में दस विकेट से करारी शिकस्त झेलनी पड़ी थी। भारत टास हार गया और पहले बल्लेबाजी करते हुए उसकी टीम 165 रन पर सिमट गई। इसके जवाब में न्यूजीलैंड ने 348 रन बनाकर 183 रन की बढ़त ली। भारतीय बल्लेबाज दूसरी पारी में भी नहीं चले और केवल 191 रन ही बना पाए। कोहली ने मैच के बाद कहा था, ‘टॉस महत्वपूर्ण साबित हुआ। इसके साथ ही हम बल्लेबाजी इकाई के रूप में प्रतिस्पर्धी होने पर गर्व करते हैं लेकिन यहां हमने पर्याप्त प्रतिस्पर्धा नहीं दिखाई।’ रेकॉर्ड की बात करें तो भारत ने अब तक न्यूजीलैंड में कुल 24 टेस्ट मैच खेले हैं जिनमें से पांच में जीत दर्ज की जबकि नौ मैच उसने गंवाए हैं। बाकी दस मैच ड्रॉ समाप्त हुए। भारत ने न्यूजीलैंड में जो पांच मैच जीते हैं उनमें से चार मैचों में उसने टॉस गंवाया था। न्यूजीलैंड में टॉस गंवाने पर भारतीय रेकॉर्ड 11 मैचों में चार जीत और चार हार का है जबकि इसके विपरीत टॉस जीतने पर उसका रेकॉर्ड 13 मैचों में एक जीत और पांच हार का है। भारत ने पिछले 44 वर्षों में यानी पांच फरवरी 1976 से लेकर अब तक न्यूजीलैंड में 19 टेस्ट मैचों में केवल एक मैच जीता है जबकि आठ मैच उसने गंवाए हैं। इन 19 मैचों में से 12 मैच में भारत ने टॉस जीता था लेकिन उसे केवल एक मैच में जीत मिली। यह मैच भारत ने हैमिल्टन में 2009 में जीता था जिसमें वर्तमान टीम के सदस्य इशांत शर्मा भी खेले थे। कोहली ने टॉस को महत्वपूर्ण करार दिया। इसका मतलब, वह भी टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण करना पसंद करते। भारतीय रेकॉर्ड भी कहता है कि उसके लिये न्यूजीलैंड में बाद में बल्लेबाजी करना अच्छा रहा है। भारत ने कीवी धरती पर 13 मैचों में पहले क्षेत्ररक्षण किया और इनमें से चार मैच में उसे जीत और इतने ही मैचों में हार मिली। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम केवल एक मैच जीत पायी और वह भी मार्च 1968 में। कोहली अगर इन परिस्थितियों पर गौर करते हैं तो फिर वह क्राइस्टचर्च में 29 फरवरी से शुरू होने वाले दूसरे और अंतिम टेस्ट मैच में टॉस जीतने पर पहले क्षेत्ररक्षण का फैसला कर सकते हैं।

सुचिन पर पीटरसन ने किया ट्रंप को ट्रोल February 24, 2020 at 08:55PM

नई दिल्ली अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप सोमवार को सोशल मीडिया पर छाए रहे। उन्होंने अहमदाबाद के मोटरा स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम 'नमस्ते ट्रंप' में क्रिकेट दिग्गजों सचिन तेंडुलकर और विराट कोहली का जिक्र किया। हालांकि सचिन के नाम का गलत उच्चारण करने के चलते सोशल मीडिया पर उनके खूब मजे लिए गए। ट्रंप ने क्रिकेट और बॉलिवुड का जिक्र किया। ट्रंप ने सचिन का नाम गलत लिया और संयोग कहिए कि वह भी दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट स्टेडियम में। हालांकि मैदान में बैठे दर्शकों ने तो क्रिकेट दिग्गजों के नाम के जिक्र का लुत्फ उठाया लेकिन सोशल मीडिया पर लोगों को उनकी यह चूक पसंद नहीं आई। इंग्लैंड के पूर्व क्रिकेटर केविन पीटरसन ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को ट्रोल किया। उन्होंने ब्रिटिश टेलिविजन होस्ट पीयर्स मोर्गन से अनुरोध किया। पीटरसन ने पूछा, 'प्लीज अपने दोस्त से कहो कि महान लोगों का नाम लेने से पहले थोड़ी रिसर्च कर लिया करें?' यहां तक कि क्रिकेट की गर्वनिंग बॉडी इंटरनैशनल क्रिकेट काउंसिल, ने भी मजाक किया। उसने अपने टि्वटर अकाउंट पर लिखा कि क्या किसी को तेंडुलकर के नाम का कोई और उच्चारण पता है।

ओलिंपिक मशाल के लिए अपनाया जा सकता है प्लान बी February 24, 2020 at 07:40PM

एथेंस कोरोना वायरस का खतरा अब 2020 आयोजन पर भी पड़ सकता है। ग्रीक ओलिंपिक कमिटी ने सोमवार को कहा कि अगर उनके देश में कोरोना वायरस का खतरा नजर आता है तो वह ओलिंपिक मशाल प्रज्ज्वलित करने की सेरेमनी के वैकल्पिक विचारों को लेकर योजना बनाने के लिए सरकार से बात कर रही है। तोक्यो 2020 ओलिंपिक के लिए मशाल जलाने की तारीख 12 मार्च को है। इसी दिन पुरातन ओलिंपिया में मशाल प्रज्ज्वलित की जाएगी, इसके बाद टॉर्च को ग्रीस की धरती पर घुमाया जाएगा। इसके बाद 19 मार्च को इसे एथेंस के पानाथेनिक स्टेडियम में जापानी आयोजकों को थमाया जाएगा। 'हम आपात समिति और स्वास्थ्य विभाग से लगातार बात कर रहे हैं। अगर हमारे देश मे वायरस का असर नजर आता है तो हमारे पास इसके लिए प्लान तैयार है।' ओलिंपिक मशाल ग्रीस में 37 शाहरों और 15 पुरानी इमारतों से होकर गुजरेगी। यह ग्रीस में 3500 किलोमीटर का जमीनी और 842 न्यूटिकल मील का सफर तय करेगी। इसमें 600 धावक शामिल होंगे। ग्रीस के खेल राज्यमंत्री ने कहा, 'हमारे देश के पास यह खास उपलब्धि और खुशकिस्मती है जिसमें किसी भी ओलिंपिक आयोजन से पहले यह सेरिमनी की जाती है।' ग्रीस (यूनान) के निशानेबाजी में ओलिंपिक गोल्ड मेडलिस्ट अन्ना कोराकाकी सबसे पहले मशाल थामेंगी। इस आयोजन के लिए कसी महिला को चुना गया है।

लिवरपूल ने लगातार 18वीं जीत से रेकॉर्ड की बराबरी की February 24, 2020 at 06:45PM

लिवरपूल ने सैडियो माने के अंतिम क्षणों में किए गोल के दम पर वेस्ट हैम को 3-2 को हराकर प्रीमियर लीग फुटबॉल में लगातार 18वीं जीत दर्ज करके के पिछले रेकॉर्ड की बराबरी की। पिछले साल 20 अक्टूबर को मैनचेस्टर यूनाइटेड के खिलाफ मैच ड्रॉ खेलने के बाद से लेकर लिवरपूल ने अपने सभी मैच जीते हैं। एक समय लग रहा था कि उसका विजय अभियान रुक जाएगा। जियोर्जिनो विनालडम ने लिवरपूल की तरफ से शुरुआती गोल किया लेकिन इसा डियोप ने जल्द ही बराबरी का गोल कर दिया। पाब्लो फोरनैल्स ने वेस्ट हैम को बढ़त दिलाई लेकिन लुकास फैबियान्स्की की गलती से मोहम्मद सालेह ने इस सत्र में अपना 19वां गोल करके लिवरपूल को बराबरी दिला दी। खेल समाप्त होने से नौ मिनट पहले माने ने लिवरपूल के लिए तीसरा और निर्णायक गोल किया। इस जीत से लिवरपूल दूसरे स्थान पर काबिज मैनचेस्टर सिटी से 22 अंक आगे हो गया है। लिवरपूल ने इससे मैनेचेस्टर सिटी के अगस्त 2017 से लेकर दिसंबर 2017 तक प्रीमियर लीग में लगातार 18 जीत दर्ज करने के रेकॉर्ड की भी बराबरी की।