Saturday, April 10, 2021

IPL 2021: कोलकाता और हैदराबाद में भिड़ंत कल, जानिए कौन और क्यों है भारी April 10, 2021 at 12:58AM

चेन्नईपूर्व चैंपियन कोलकाता नाइटराइडर्स (KKR) रविवार को सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के खिलाफ होने वाले इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) मैच में टीम के अंदर उचित संतुलन तैयार करके अपने अभियान का सफल आगाज करने की कोशिश करेगा। केकेआर की अगुवाई इस बार सीमित ओवरों के सबसे सफल कप्तानों में से एक इयोन मोर्गन कर रहे है। उन्होंने पिछले सत्र में यूएई में दिनेश कार्तिक से टूर्नामेंट के बीच में कप्तानी संभाली थी। पिछले सत्र में केकेआर के सनराइजर्स और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के समान अंक थे। केकेआर हालांकि रन रेट में पिछड़ गया और लगातार दूसरी बार प्लेऑफ में जगह नहीं बना पाया था। मोर्गन पहली बार पूर्णकालिक कप्तान की जिम्मेदारी संभाल रहे और ऐसे में सभी की निगाहें इंग्लैंड के वनडे विश्व कप विजेता कप्तान पर होंगी जो कि दो बार के आईपीएल चैंपियन को खोयी प्रतिष्ठा दिलाने के लिये प्रतिबद्ध लगते हैं। केकेआर के पास शुभमन गिल के रूप में शीर्ष क्रम में शानदार बल्लेबाज है जो कि तेजी से रन बनाने में सक्षम हैं जबकि राहुल त्रिपाठी, नीतीश राणा और अनुभवी कार्तिक के रूप में उसके पास अच्छे भारतीय बल्लेबाज हैं। इसके अलावा कप्तान मोर्गन हैं जो कि किसी भी तरह की आक्रमण की धज्जियां उड़ा सकते हैं जबकि आंद्रे रसल आक्रामक बल्लेबाजी के पर्याय हैं और किसी भी गेंदबाजी के लिए बड़ा खतरा बन सकते हैं। रसल पिछले सत्र में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए थे। उन्होंने नौ पारियों में 13 की औसत से रन बनाए थे। वह किसी भी मैच में मैच विजेता प्रदर्शन नहीं कर पाए थे और जमैका के इस खिलाड़ी पर अत्याधिक निर्भरता केकेआर को महंगी पड़ी थी। वेस्टइंडीज का एक अन्य खिलाड़ी सुनील नारायण भी यूएई में नहीं चल पाया था। केकेआर के पास अब उनके स्थान पर शाकिब अल हसन के रूप में अच्छा विकल्प है। चेपक की धीमी पिच पर निगाहें 40 साल के हरभजन सिंह पर भी टिकी रहेगी जो अपने संभवत: आखिरी आईपीएल में अधिक से अधिक प्रभाव छोड़ना चाहेंगे। केकेआर के पास वरुण चक्रवर्ती के रूप में रहस्यमयी स्पिनर भी है। आईपीएल में जिन टीमों के प्रदर्शन में निरंतरता रही है उनमें सनराइजर्स हैदराबाद भी शामिल है। वह पिछले साल दूसरे क्वॉलिफायर में दिल्ली कैपिटल्स से हार गयी थी। भारतीय तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार की वापसी से सनराइजर्स को मजबूती मिली है। वह कूल्हे की चोट के कारण पिछली बार केवल चार मैच खेल पाए थे। भुवनेश्वर ने भारत की तरफ से इंग्लैंड के खिलाफ सीमित ओवरों की श्रृंखला में शानदार वापसी की थी। वह यार्कर विशेषज्ञ टी नटराजन के साथ तेज गेंदबाजी आक्रमण की जिम्मेदारी संभालेंगे। सनराइजर्स के पास अफगानिस्तान का स्पिनर राशिद खान भी है और ऐसे में उसका आक्रमण बेहद संतुलित नजर आता है। सनराइजर्स की असली ताकत उसकी सलामी जोड़ी डेविड वॉर्नर और जॉनी बेयरस्टो हैं। उसके पास मध्यक्रम में केन विलियमसन और मनीष पांडे है। ऋद्धिमान साहा ने भी पिछले सत्र में सनराइजर्स की तरफ से पारी का आगाज किया था और ऋषभ पंत के शानदार प्रदर्शन के कारण राष्ट्रीय टीम में अंतिम एकादश में जगह बनाने में नाकाम रहने के बाद अब वह खुद को साबित करने की कोशिश करेंगे। जहां तक इन दोनों टीमों के बीच आपसी मुकाबलों की बात है तो केकेआर ने अब तक 12 जबकि सनराइजर्स ने सात मैच जीते हैं। टीमें इस प्रकार हैं... केकेआर: इयोन मोर्गन (कप्तान), दिनेश कार्तिक, शुभमन गिल, नीतीश राणा, टिम सेफर्ट, रिंकू सिंह, आंद्रे रसल, सुनील नारायण, कुलदीप यादव, शिवम मावी, लॉकी फर्ग्यूसन, पैट कमिंस, कमलेश नागरकोटी, संदीप वारियर, प्रसिद्ध कृष्णा, राहुल त्रिपाठी, वरुण चक्रवर्ती, शाकिब अल हसन, शेल्डन जैक्सन, वैभव अरोड़ा, हरभजन सिंह, करुण नायर, बेन कटिंग, वेंकटेश अय्यर और पवन नेगी। सनराइजर्स: डेविड वॉर्नर (कप्तान), केन विलियमसन, विराट सिंह, मनीष पांडे, प्रियम गर्ग, ऋद्धिमान साहा, जॉनी बेयरस्टो, जेसन रॉय, श्रीवत्स गोस्वामी, विजय शंकर, मोहम्मद नबी, केदार जाधव, जे सुचित, जेसन होल्डर, अभिषेक शर्मा अब्दुल समद, भुवनेश्वर कुमार, राशिद खान, टी नटराजन, संदीप शर्मा, खलील अहमद, सिद्धार्थ कौल, बासिल थम्पी, शाहबाज नदीम और मुजीब उर रहमान। मैच- शाम सात बजकर 30 मिनट पर शुरू होगा

1079 दिन बाद मैक्सवेल ने IPL में जड़ा पहला सिक्स, देखते रह गए कैप्टन विराट कोहली April 10, 2021 at 12:10AM

नई दिल्ली ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर ग्लैन मैक्सवेल (Glenn Maxwell) आईपीएल में वैसे कई टीमों के लिए खेल चुके हैं। आईपीएल 2021 (IPL 2021) में मैक्सवेल रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (Royal Challengers Bangalore) की ओर से खेल रहे हैं। मौजूदा चैंपियन मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) के खिलाफ पहले मुकाबले में ही मैक्सवेल ने 100 मीटर लंबा छक्का जड़ महफिल लूट ली। दरअसल मैक्सवेल ने आईपीएल में 1079 दिन से चले आ रहे सिक्स के सूखे को भी खत्म कर दिया। दाएं हाथ के बल्लेबाज मैक्सवेल का ये सिक्स चेन्नै के एमए चिदंबरम स्टेडियम (MA Chidambram Stadium) की छत पर जाकर गिरा। आरसीबी (RCB) जब 160 रन के लक्ष्य का पीछा कर रही थी उस समय मुंबई की ओर से पारी का 11वां ओवर क्रुणाल पंड्या (Krunal Pandya) डालने आए। मैक्सवेल ने पहली ही गेंद को लॉन्ग ऑन बाउंड्री के पार भेज दिया। गेंद स्टेडियम की छत पर जाकर लैंड हुई। मैक्सवेल के इस छक्के को देख आरसीबी के कप्तान विराट कोहली (Virat Kohli) का रिएक्शन देखने लायक था। ऐसा लगा जैसे कोहली को कुछ पल के लिए यकीन ही नहीं हुआ। मैक्सवेल टी20 क्रिकेट के काफी खतरनाक खिलाड़ी हैं। आरसीबी के इस खिलाड़ी ने मैच का दूसरा छक्का लेग स्पिनर राहुल (Rahul Chahar) चाहर की गेंद पर लगाया। मैक्सवेल ने 28 गेंदों पर 39 रन की पारी खेली। मुंबई इंडियंस की ओर से डेब्यू करने वाले मार्के जानेसन ने मैक्सवेल को आउट किया। मैक्सवेल ने अपनी इस पारी में 2 छक्के और 3 चौके लगाए। साल 2018 में आखिरी बार मैक्सवेल के बल्ले से निकला था सिक्स मैक्सवेल आईपीएल 2020 में पंजाब किंग्स की ओर से खेले थे। इस दौरान उन्होंने 13 मैचों में 106 गेंदों का सामना करते हुए 108 रन बनाए थे। इसमें कोई छक्का शामिल नहीं था। इससे पहले मैक्सवेल ने आईपीएल में अप्रैल 2018 में आखिरी बार सिक्स लगाया था। वह इस टी20 लीग में 18 पारियों में 170 बॉल खेलने के बावजूद कोई छक्का नहीं जड़ पाए थे। आरसीबी ने 14.25 करोड़ में मैक्सवेल को खरीदा है पंजाब किंग्स (Punjab Kings) ने पिछली बार मैक्सवेल को रिलीज कर दिया था। आरसीबी ने आईपीएल 2021 ऑक्शन में इस ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर को 14 करोड़ 25 लाख रुपये में अपने साथ जोड़ा है।

इन दो युवा महिला पहलवानों ने ओलिंपिक के लिए किया क्वॉलिफाइ, साक्षी का सपना टूटा April 09, 2021 at 11:25PM

अलमाटी (कजाखस्तान)भारत की युवा पहलवान अंशू मलिक और सोनम मलिक ने यहां एशियाई ओलिंपिक क्वॉलिफायर्स में प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए शनिवार को तोक्यो खेलों के लिए क्वॉलिफाइ किया। जूनियर से सीनियर वर्ग में पहुंची 19 वर्षीय अंशू और 18 वर्षीय सोनम से पहले अनुभवी विनेश फोगाट (53 किग्रा) ने ओलिंपिक में जगह बनाई थी। इस तरह से कुश्ती में भारत की तीन महिला खिलाड़ी तोक्यो खेलों में अपना दावा पेश करेंगी। विनेश ने 2019 में विश्व चैंपियनशिप से क्वॉलिफाइ किया था। भारत के कुल मिलाकर सात पहलवान ओलिंपिक खेलों के लिए क्वॉलिफाइ कर चुके हैं। पुरुषों में बजरंग पूनिया (65 किग्रा), रवि दहिया (57 किग्रा) और दीपक पूनिया (86 किग्रा) ने फ्रीस्टाइल वर्ग में क्वॉलिफाइ किया है। अंशू ने 57 किग्रा में पूरा दबदबा दिखाया जबकि सोनम भी 62 किग्रा में पीछे नहीं रही। सोनम ने कोटा हासिल करके रियो ओलिंपिक की पदक विजेता साक्षी मलिक के लिए रास्ता भी बंद कर दिया। सोनम ने हाल में ट्रायल्स में साक्षी को हराया था। अंशू के दबदबे का अंदाजा इससे लगाया जा सकता है कि उन्होंने फाइनल तक पहुंचने में केवल दो अंक गंवाए। उन्होंने अपने तीनों मुकाबले तकनीकी दक्षता से जीते। उन्होंने कोरिया की जियुन उम को हराकर शुरुआत की तथा फिर कजाखस्तान की इम्मा टिसिना और सेमीफाइनल में शोखिदा अखमेदोवा को हराया। सोनम ने चीन की जिया लोंग को 5-2 से हराकर ताइपै की सिन पिंग पाइ को तकनीकी दक्षता से पराजित किया। सेमीफाइनल में वह कजाखस्तान की अयालिम कासिमोवा से 0-6 से पिछड़ रही थी लेकिन लगातार नौ अंक बनाकर अपने लिए कोटा सुरक्षित करने में सफल रही। सोनम के निजी कोच अजमेर मलिक ने कहा, ‘उसने दिखाया कि वह सीनियर सर्किट के लिए तैयार है। देखिए उसने क्या शानदार प्रदर्शन किया। लोग कहते हैं कि वह अब भी कैडेट स्तर की है लेकिन साक्षी के खिलाफ लगातार जीत से उसका आत्मविश्वास बढ़ा।’ सीमा बिस्ला ने 50 किग्रा भार वर्ग अपने तीनों मुकाबले हारने के कारण दौड़ से बाहर हो गई। निशा 68 किग्रा में कोटा हासिल करने के करीब पहुंची थी लेकिन वह सेमीफाइनल में 3-1 की बढ़त के बावजूद किर्गीस्तान की मीरिम जुमनाजारोवा से हार गई।

दिल्ली कैपिटल्स VSचेन्नई सुपर किंग्स:टीम इंडिया के कोच बोले-गुरु और चेला की भिड़ंत, बहुत मजा आएगा आज April 09, 2021 at 11:44PM