Friday, March 5, 2021

IND vs ENG: जीरो पर आउट हुए विराट कोहली, धोनी के इस अनचाहे रेकॉर्ड की बराबरी की March 04, 2021 at 09:42PM

अहमदाबाद भारतीय कप्तान विराट कोहली (Virat Kohli) का बल्ला उनसे रूठा हुआ लगता है। इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज (India vs England Test Series) के चौथे मैच की पहली पारी में कोहली खाता खोले बिना (Kohli out on a duck) आउट हो गए। कोहली ने 8 गेंदों का सामना किया और विकेट के पीछे लपके गए। स्टोक्स की एक शॉर्ट पिच बॉल विराट के ग्लव्स से लगकर विकेटकीपर बेन फोक्स (Ben Foakes) के हाथों में गई। गेंद टप्पा लगकर उठी और इससे पहले कि कोहली कुछ समझ पाते तब तक काफी देर हो चुकी थी। बतौर कप्तान विराट कोहली 8वीं बार टेस्ट क्रिकेट में जीरो पर आउट हुए। इसके साथ ही उन्होंने महेंद्र सिंह धोनी (Mahendra Singh Dhoni) के एक अनचाहे रेकॉर्ड की बराबरी कर ली। अब वह संयुक्त रूप से टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा बार जीरो पर आउट होने वाले भारतीय कप्तान हैं। इस सीरीज में कोहली दूसरी बार जीरो पर आउट हुए। सीरीज के दूसरे मैच में मोईन अली (Moeen Ali) ने उन्हें डक पर आउट किया था। यह दूसरा मौका है जब कोहली किसी सीरीज में दो बार जीरो पर आउट हुए हों। इससे पहले 2014 में इंग्लैंड में लियाम प्लंकेट और जेम्स एंडरसन ने उन्हें आउट किया था। कोहली अपने टेस्ट करियर में 12वीं बार जीरो पर आउट हुए। वहीं इंग्लैंड के खिलाफ वह 5वीं बार जीरो पर आउट हुए। इंग्लैंड के खिलाफ पिछली सात पारियों में वह तीसरी बार जीरो पर आउट हुए। टेस्ट क्रिकेट में यह पांचवां मौका था जब बेन स्टोक्स ने विराट कोहली को आउट किया। वह अब पैट कमिंस, मोईन अली, स्टुअर्ट ब्रॉड, और जेम्स एंडरसन की लिस्ट में शामिल हो गए हैं।

इंग्लैंड के बल्लेबाज भारतीय परिस्थितियों में खेलने के लिए अच्छे नहीं हैं : स्ट्रॉस March 04, 2021 at 06:32PM

लंदन पूर्व कप्तान ऐंड्रू स्ट्रॉस का मानना है कि इंग्लैंड के बल्लेबाज भारत की स्पिनरों की मददगार परिस्थितियों में खेलने के लिए बहुत अच्छे नहीं है। इंग्लैंड के बल्लेबाज अहमदाबाद में चल रहे चौथे टेस्ट मैच की पहली पारी में फिर से नहीं चल पाए और उसकी टीम 205 रन पर आउट हो गई। भारत की स्पिन जोड़ी अक्षर पटेल और रविचंद्रन अश्विन ने फिर से उसके बल्लेबाजों को नहीं चलने दिया। स्ट्रास ने ‘चैनल 4’ से कहा, ‘सच को छिपाना नहीं चाहिए। यह स्पष्ट दिख रहा है कि इंग्लैंड की बल्लेबाजी इन परिस्थितियों में बहुत अच्छी नहीं है।’ उन्होंने कहा, ‘आप पिच और गेंद या किसी भी अन्य चीज के बारे में कुछ भी कह सकते हैं लेकिन आपको पहली पारी में रन बनाने का तरीका ढूंढना होगा और वे लंबे समय तक नहीं टिक पाए। ’ बाएं हाथ के पूर्व सलामी बल्लेबाज स्ट्रास को लगता है कि इंग्लैंड के बल्लेबाज अपने दिमाग में जंग हार गए हैं क्योंकि वे वही गलती कर रहे हैं जो उन्होंने पहले दो टेस्ट मैचों में की थी। उन्होंने कहा, ‘यह शायद मुमकिन है। इंग्लैंड वही गलती कर रहा है जो वह पूरी सीरीज में करता रहा है। जो गेंद टर्न नहीं ले रही है वह भी उन्हें परेशान कर रही है।’ भारत चार मैचों की सीरीज में अभी 2-1 से आगे है।

रोहित के हेलमेट पर लगी बेन स्टोक्स की गेंद, चोट का कोई खतरा नहीं March 04, 2021 at 09:29PM

अहमदाबाद इंग्लिश ऑलराउंडर बेन स्टोक्स (Ben Stokes) ने भारत के खिलाफ सीरीज के चौथे और अंतिम टेस्ट मैच के दूसरे दिन पूरी जान लगाकर गेंदबाजी की। उन्होंने इस सपाट समझे जाने वाली विकेट पर शॉर्ट पिच गेंदबाजी से भारतीय गेंदबाजों को परेशान किया। उनके निशाने पर भारतीय ओपनर (Rohit Sharma) भी रहे। स्टोक्स ने एक शॉर्ट पिच बॉल पर भारतीय कप्तान विराट कोहली को आउट किया। कोहली खाता भी नहीं खोल पाए। इसके बाद भी उन्होंने लगातार शॉर्ट पिच गेंदबाजी की। इंग्लैंड के इस ऑलराउंडर की ऐसी ही एक गेंद भारतीय हिटमैन रोहित शर्मा के हेलमेट पर लगी। शुक्रवार को अहमदाबाद में भारत और इंग्लैंड के बीच खेले जा रहे सीरीज के चौथे टेस्ट के दूसरे दिन की बात है। भारत की पहली पारी का 31वां ओवर चल रहा था। रोहित 26 रन पर बल्लेबाजी कर रहे थे। स्टोक्स ने शॉर्ट पिच गेंद फेंकी। रोहित, जो स्वाभाविक रूप से आक्रामक बल्लेबाज हैं, ने गेंद को हुक करने का प्रयास किया। गेंद उनके हेलमेट पर लगी और फाइन लेग की ओर गई। दोनों बल्लेबाजों (रोहित-रहाणे) ने दौड़कर लेग बाई का एक रन पूरा किया। नियमानुसार जब हेलमेट पर गेंद लगती है तो फिजियो को मैदान पर आना जरूरी है। फिजियो ने आकर रोहित की जांच की और प्रोटोकॉल पूरा किया। गेंद से रोहित को कोई नुकसान नहीं पहुंचा था, लेकिन जांच करनी जरूरी थी। हालांकि मैच की पहली पारी में रोहित फिफ्टी से चूक गए और उन्हें बेन स्टोक्स ने ही शिकार बनाया। रोहित ने 144 गेंदों की अपनी पारी में 7 चौके लगाए और वह टीम के 121 के टीम स्कोर पर 5वें विकेट के तौर पर पविलियन लौटे। दूसरे दिन लंच तक भारतीय टीम मुश्किल में नजर आ रही है। इंग्लैंड के पहले पारी के स्कोर 205 के जवाब में भारतीय टीम ने 4 विकेट पर 80 रन बना लिए थे। भारत ने पहले दिन शुभमन गिल का विकेट खोया था वहीं दूसरे दिन पहले सेशन में चेतेश्वर पुजारा, विराट कोहली और अजिंक्य रहाणे का विकेट खोया।