Tuesday, December 31, 2019

मांजरेकर ने कमेंटेटर और विश्लेषक के तौर पर 2019 को सबसे खराब साल बताया, भोगले के साथ हुए विवाद पर गलती मानी December 30, 2019 at 10:04PM

खेल डेस्क. पूर्व क्रिकेटर संजय मांजरेकर का कहना है कि एक विश्लेषक और कमेंटेटर के तौर पर2019 उनके लिए सबसे खराब साल रहा। ये बात उन्होंने इस साल खेले गए विश्व कप के दौरान रवींद्र जडेजा के साथ हुए विवाद और कोलकाता में हुए डे-नाइट टेस्ट मैच के दौरान कमेंटेटर हर्षा भोगले के साथ हुई बहस को लेकर कही। भोगले के साथ हुए विवाद को लेकर उन्होंने खुद की गलती मानी और अपने कमेंट को गैर-पेशेवर और अशोभनीय बताया। दोनों ही घटनाओं के बाद मांजरेकर की जमकर किरकिरी हुई थी और सोशल मीडिया पर उन्हें ट्रोल भी किया गया था।

मांजरेकर ने एक क्रिकेट वेबसाइट से कहा, ‘‘मैंने इस पेशे (कमेंट्री) की शुरुआत साल 1997-98 के दौरान की थी, इसलिए यहां मुझे करीब 20-21 साल हो चुके हैं। विश्लेषक और कमेंटेटर के रूप में ये मेरा सबसे खराब साल रहा है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘जडेजा और मेरे बीच कोई गलतफहमी नहीं है, जैसा उन्होंने सुना, मैंने बिल्कुल वैसा ही कहा था। मैंने उनके लिए जो शब्द (बिट्स एंड पीसेस) इस्तेमाल किया था, उस पर मुझे कोई अफसोस नहीं है। ये क्रिकेट में आमतौर पर इस्तेमाल की जाने वाली एक टर्म है।’’

भोगले पर किए कमेंट को लेकर अफसोस है

भोगले के साथ हुई बातचीत को याद करते हुए मांजरेकर ने कहा, ‘‘उस कमेंट के बाद मुझे लगा था कि मैं खुद पर नियंत्रण खो रहा हूं। मेरा व्यवहार बिल्कुल भी अच्छा नहीं था, वो अशोभनीय था और मैं गलत था। वो कुछ ऐसा है जिसके लिए मुझे बेहद अफसोस है। उस घटना के बाद मैंने सबसे पहले प्रोड्यूसर के पास जाकर माफी मांगी थी।

जडेजा को कहा था 'बिट्स एंड पीसेस' प्लेयर

मांजरेकर ने जिन दो घटनाओं का जिक्र कियाउसमें से पहली घटना क्रिकेट विश्व कप में इंग्लैंड के हाथों भारत की हार के बाद हुई थी। तब मांजरेकर ने जडेजा को 'टुकड़ों-टुकड़ों' में प्रदर्शन करने वाला खिलाड़ी बताते हुए उन्हें टीम में लेने का विरोध किया था। हालांकि बाद में जडेजा ने एक ट्वीट करते हुए उन्हें कड़ा जवाब दिया था। जडेजा ने ट्वीट में लिखा था, ‘‘मैं आपसे दोगुने मैच खेल चुका हूं और अब भी खेल रहा हूं। दूसरे लोगों ने जो हासिल किया है उसका सम्मान करना सीखिए। मैं आपकी बकवास काफी ज्यादा सुन चुका हूं।’’

भोगले पर किया था कटाक्ष

भोगले के साथ मांजरेकर का विवादभारत और बांग्लादेश के बीच नवंबर में हुए पिंक बॉल टेस्ट मैच के तीसरे दिन सामने आया था। कमेंट्री के दौरान हर्षा ने कहा कि मैच के खत्म होने के बाद इस बारे में चर्चा होना कि सफेद रंग की साइड स्क्रीन के सामने पिंक बॉल की विजिबिलिटी में कोई दिक्कत तो नहीं होती। तब मांजरेकर ने कहा था कि मुझे बिल्कुल नहीं लगता कि गेंद की दृश्यता कोई मुद्दा है, हालांकि गेंद के टेक्सचर पर जरूर बात हो सकती है। इसके बाद हर्षा बोले, ‘‘हमें इस बारे में खिलाड़ियों से पूछना होगा कि वे क्या सोचते हैं।' तब मांजरेकर ने उन पर तंज कसते हुए कहा कि 'हर्षा केवल आपको ही पूछना होगा... मुझे नहीं, क्योंकि मैंने थोड़ा-बहुत क्रिकेट खेला है।’’

मांजरेकर का क्रिकेटकरियर

54 साल के मांजरेकर ने भारत की ओर से 37 टेस्ट और 74 वनडे मैच खेले हैं। वे पहले भारतीय कमेंटेटर हैं, जिन्हें ऑस्ट्रेलियन ब्रॉडकास्टिंग कॉर्पोरेशन ने साल 1992 में कमेंट्री के लिए बुलाया था।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
पूर्व क्रिकेटर संजय मांजरेकर ने विश्व कप के दौरान रविंद्र जडेजा को ‘बिट्स एंड पीसेस’ प्लेयर बताया था। -फाइल फोटो

दक्षिण अफ्रीका ने टीम इंडिया को तीसरे वनडे में 5 विकेट से हराया, भारत ने 2-1 से सीरीज जीती December 30, 2019 at 09:47PM

खेल डेस्क. दक्षिण अफ्रीका अंडर-19 टीम ने भारत को तीसरे यूथ वनडे में सोमवार को 5 विकेट से हरा दिया। हालांकि, टीम इंडिया ने तीन मैचों की सीरीज 2-1 से जीत लिया। भारत ने द. अफ्रीका को पहले वनडे में 9 और दूसरे मुकाबले में 8 विकेट से हराया था। ईस्ट लंदन के बुफैलो पार्क में खेले गए तीसरे मुकाबले में भारत ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 8 विकेट पर 192 रन बनाए थे। इसके जवाब में द. अफ्रीका ने 48.2 ओवर में 5 विकेट पर 193 बनाकर मैच जीत लिया।

टीम इंडिया की ओर से कप्तान प्रियम गर्ग ने 52 और तिलक वर्मा ने 25 रन की पारी खेली। यशस्वी जयसवाल ने 2 विकेट लिए। वहीं, द. अफ्रीका के लिए जोनाथन बिर्ड ने 88 रन की मैच जिताऊ पारी खेली। इसके लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया। जबकि अचिले क्लोएटे और फेकू मोलेत्साने ने 2-2 विकेट हासिल किए।

टीम इंडिया 19 जनवरी से अंडर-19 वर्ल्ड कप खेलेगी
भारतीय टीम का पहला मुकाबला 19 जनवरी को श्रीलंका से होगा। टूर्नामेंट 17 जनवरी से शुरू होगा, जिसका फाइनल 9 फरवरी को खेला जाएगा। मौजूदा चैम्पियन भारत का पहला मुकाबला श्रीलंका से 19 जनवरी को होगा। चार बार की विजेता टीम इंडिया की कमान प्रियम गर्ग को सौंपी गई। विकेटकीपर ध्रुव चंद जुरेल उपकप्तान हैं। अंडर-19 का यह 13वां वर्ल्ड कप होगा।

भारतग्रुप-ए औरपाकिस्तान ग्रुप-सी में

इस बार कुल 16 टीमें वर्ल्ड कप में हिस्सा ले रही हैं। इन्हें 4 ग्रुप में बांटा गया है। भारतीय टीम ग्रुप-ए में जबकि पाकिस्तान ग्रुप-सी में है। भारत का दूसरा मुकाबला जापान और तीसरा न्यूजीलैंड से होगा। फरवरी 2018 में खेले गए वर्ल्ड कप फाइनल में भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया को 8 विकेट से हराया था। तब टीम के कप्तान पृथ्वी शॉ थे। फाइनल में मनजोत कालरा ने नाबाद 101 रन की पारी खेली थी।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
भारतीय अंडर-19 टीम ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 3 मैच की यूथ वनडे सीरीज 2-1 से जीती।

तीसरा वनडे हारे युवा, पर सीरीज जीती December 30, 2019 at 07:50PM

ईस्ट लंदन कप्तान के अर्धशतक के बावजूद भारत अंडर-19 टीम को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीसरे और अंतिम युवा एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच में पांच विकेट से हार का सामना करना पड़ा। भारत अंडर -19 टीम ने पहले दोनों मैच जीतकर इस मैच से पहले ही 2-0 से अजेय बढ़त हासिल कर ली थी लेकिन वह क्लीन स्वीप नहीं कर पाई। भारत ने इस तरह से 2-1 से सीरीज जीती। भारत ने पहले बल्लेबाजी का न्यौता मिलने पर आठ विकेट पर 192 रन बनाए। साउथ अफ्रीकी टीम ने 48.2 ओवर में पांच विकेट खोकर लक्ष्य हासिल किया। भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और 42 रन तक उसके तीन विकेट निकल गए। इसके बाद गर्ग (52) और तिलक वर्मा (25) ने चौथे विकेट के लिए 58 रन जोड़े। भारतीय टीम के तिहरे अंक में पहुंचते ही गर्ग पविलियन लौट गए। इसके बाद निचले क्रम के सभी बल्लेबाज दोहरे अंक में पहुंचे लेकिन वे अपेक्षित तेजी से रन नहीं बना पाए। साउथ अफ्रीका की तरफ से फेकु मोलेतसेन ने 36 रन देकर दो विकेट लिए और दो बल्लेबाजों को रन आउट किया। साउथ अफ्रीका ने इसके बाद जोनाथन बर्ड की 121 गेंदों पर खेली गई 88 रन की नाबाद पारी की मदद से दस गेंद शेष रहते हुए लक्ष्य हासिल कर दिया। उनके अलावा सलामी बल्लेबाज एंड्रयू लोउ ने 31 और जैक लीस के 29 रन का योगदान दिया। भारत की तरफ से यशस्वी जायसवाल ने 41 रन देकर दो विकेट लिए। भारतीय टीम जनवरी में अंडर-19 विश्व कप में भाग लेगी जिसमें उसे ग्रुप ए में रखा गया है। भारत अपना पहला मैच 19 जनवरी को श्रीलंका से खेलेगा। इसके बाद वह 21 जनवरी को जापान और 24 जनवरी को न्यू जीलैंड का सामना करेगा। इससे पहले भारत अंडर-19 टीम अफगानिस्तान (12 जनवरी) और जिम्बाब्वे (14 जनवरी) के खिलाफ अभ्यास मैच खेलेगी।

वेस्ट इंडीज ने सीमित ओवरों के प्रारूपों के लिए पेनी को सहायक कोच नियुक्त किया December 30, 2019 at 07:30PM

सेंट जोन्स भारतीय टीम के पूर्व क्षेत्ररक्षण कोच ट्रेवस पेनी को सीमित ओवरों के प्रारूपों के लिए वेस्ट इंडीज का सहायक कोच नियुक्त किया गया है। वॉरविकशर के पूर्व क्रिकेटर पेनी को क्रिकेट वेस्ट इंडीज ने दो साल का अनुबंध सौंपा है। क्रिकेट वेस्ट इंडीज ने बयान में कहा कि 51 वर्षीय पेनी की विशेषज्ञता क्षेत्ररक्षण है और वह सफेद गेंद के प्रारूपों (एकदिवसीय और टी20 अंतरराष्ट्रीय) में वेस्ट इंडीज की टीमों के साथ काम करेंगे। वह दो जनवरी को वेस्टइंडीज की टीम से जुड़ेंगे। टीम तब आयरलैंड के खिलाफ आगामी घरेलू सीरीज के लिए तैयारियां शुरू करेगी। सात से 19 जनवरी के बीच होने वाले इस दौरे में तीन वनडे और इतने ही टी20 मैच खेले जाएंगे। पेनी ने कहा, ‘मैं कायरन पोलार्ड और फिल सिमन्स की अगुआई वाले क्रिकेटरों और स्टाफ के साथ काम करने का मौका मिलने से उत्साहित हूं। मुझे पिछले कुछ वर्षों में इस टीम के कई सदस्यों के साथ काम करने का मौका मिला है तथा सीपीएल से जुड़ा होने के कारण कैरेबियाई क्षेत्र मेरे लिए ‘घर से बाहर घर’ जैसा है।’ अपने क्रिकेट करियर में वारविकशर की तरफ से 158 प्रथम श्रेणी और 291 लिस्ट ए मैच खेलने वाले पेनी को कोचिंग का अपार अनुभव है। वह कई अंतरराष्ट्रीय टीमों के साथ काम कर चुके हैं जिनमें भारत, श्रीलंका, नीदरलैंड और अमेरिका शामिल हैं। इंडियन प्रीमियर लीग में वह किंग्स इलेवन पंजाब, डेक्कन चार्जर्स और कोलकाता नाइटराइडर्स के सहायक कोच रह चुके हैं। कैरेबियाई प्रीमियर लीग (सीपीएल) में वह सेंट लूसिया और सेंट कीट्स और नेविस के सहायक कोच की भूमिका निभा चुके हैं। हाल में वह बारबाडोस ट्रिंडेंट के कोचिंग स्टाफ के सदस्य थे।